बैजनाथ में आयोजित राज्य स्तरीय शिवरात्रि मेले के अवसर पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति की जीवंत झलक हैं। 18 फरवरी को वीडियो कॉल के माध्यम से अपना संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शिवरात्रि उत्सव परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का अनूठा संगम है। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्तरीय शिवरात्रि उत्सव की शुभकामनाएं भी दीं और इस आयोजन को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया।



महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में विधायक किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने पारंपरिक हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव का धार्मिक और पौराणिक महत्व अत्यंत गहरा है। यह उत्सव लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और हर वर्ष भव्य रूप में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेले में हस्तशिल्प, कलाकृतियां, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक लोकगीत-संगीत लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मेले समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। विभिन्न जाति, धर्म और समुदायों के लोग एक मंच पर आकर उत्सव में भाग लेते हैं, जिससे भाईचारे की भावना को बल मिलता है। सांस्कृतिक संध्या में ‘मिस धौलाधार’ का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर और पहाड़ी गायक ए.सी. भारद्वाज ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।



इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा, पूर्व एससी सेल उपाध्यक्ष रविंद्र बिट्टू, जिला युवा महासचिव रविंदर राव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, एसडीएम एवं मेला समिति अध्यक्ष संकल्प गौतम, डीएसपी संदीप शर्मा, तहसीलदार बैजनाथ रमन ठाकुर, तहसीलदार मुल्थान हरीश, व्यापार मंडल प्रधान मनोज कपूर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!