Kangra: सेना में सेवा दे रहे जवान का निधन, गांव में सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

तिनबड के पास गांव ढंडेरा निवासी 13 डोगरा रेजीमेंट में तैनात जवान संजीव कुमार का बीमारी के कारण निधन हो गया। संजीव कुमार की उम्र 40 वर्ष थी और वह चेत राम के सुपुत्र थे। वह भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में कर्नाटक में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

परिजनों के अनुसार संजीव कुमार पीलिया से पीड़ित थे, जिसके चलते उनका इलाज बेंगलुरु स्थित सेना अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान ही रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव ढंडेरा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मंगलवार को संजीव कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव ढंडेरा में किया गया। इस दौरान सेना की टुकड़ी ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी। गांव के सैकड़ों लोग इस मौके पर मौजूद रहे और नम आंखों से वीर सपूत को विदा किया।

संजीव कुमार अपने पीछे माता, पत्नी सरुचि और दो छोटे बेटे रामरथ (7 वर्ष) और साहिल (5 वर्ष) को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और श्रद्धा का माहौल है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!