नूरपुर की पंचायत खैरियां के होनहार खिलाड़ी अंकुश ठाकुर ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीनियर कबड्डी वर्ग में उनका चयन हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। प्रदेश भर से चुने गए 14 श्रेष्ठ खिलाड़ियों में जगह बनाकर अंकुश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से नूरपुर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जिला कांगड़ा के नूरपुर निवासी अंकुश ठाकुर, मुख्याध्यापक केवल सिंह के सुपुत्र हैं। बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित अंकुश ने चौथी कक्षा में पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया था। तभी से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। जिला और राज्य स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अनेक ट्रॉफियां अपने नाम कीं। कई टूर्नामेंटों में टीम को फाइनल तक पहुंचाने और जीत दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इन दिनों गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की टीम का हिस्सा बनना अंकुश के लिए एक बड़ा अवसर है। यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सपनों और मेहनत की जीत मानी जा रही है।
अंकुश के पिता केवल सिंह ने बताया कि उनका बेटा रोज सुबह जल्दी उठकर नियमित अभ्यास करता है और अनुशासित जीवनशैली अपनाता है। कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के दम पर ही उसने यह मुकाम हासिल किया है।
अंकुश की सफलता के बाद पंचायत खैरियां में उत्सव जैसा माहौल है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पूर्व पंचायत प्रधान विक्रम सिंह उर्फ बिट्टू और पूर्व प्रधान ज्ञान सिंह ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में आगे बढ़ने की अपील की। अंकुश ठाकुर की यह उपलब्धि नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!