President Visit Alert: राष्ट्रपति मुर्मू के हिमाचल दौरे से पहले शिमला हाई अलर्ट, 1000 जवान तैनात, ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। इस अहम दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शिमला में कड़े इंतजाम किए गए हैं।

डीआईजी साउथ रेंज अंजुमआरा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए शिमला शहर को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही 1000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि हर स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान शिमला के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगी। ऐसे में जिन-जिन स्थानों पर उनका कार्यक्रम निर्धारित है, वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अंजुमआरा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। इस दौरान एसएसपी गौरव सिंह भी मौजूद रहे।

डीआईजी ने यह भी बताया कि जहां-जहां राष्ट्रपति का कार्यक्रम होगा, वहां के लिए वैकल्पिक मार्ग पहले से तय किए गए हैं। राष्ट्रपति के मूवमेंट के दौरान ही अस्थायी रूप से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। शिमला पुलिस ने आम जनता के लिए एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि कारकेड रिहर्सल के दौरान कुछ मार्गों पर ट्रैफिक रोका या मोड़ा जा सकता है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे रूट्स से बचें और वैकल्पिक रास्तों जैसे कार्ट रोड और बाईपास का इस्तेमाल करें। प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का मकसद लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात बनाए रखना है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!